छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए तिलक महाविद्यालय में जनसंपर्क, छात्र हितों के मुद्दों पर इंदौर पहुंचने की अपील

कटनी। 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज – युवाओं की आवाज, एक नई सोच’ कार्यक्रम को लेकर कटनी के तिलक महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के बीच जनसंपर्क किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों से संवाद कर कार्यक्रम की जानकारी दी गई और बड़ी संख्या में पंजीयन कराया गया।
युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं पूर्व एनएसयूआई जिला अध्यक्ष दिव्यांशु ‘अंशु’ मिश्रा ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक, शिक्षा के बढ़ते व्यापारीकरण और महंगी होती शिक्षा को लेकर विद्यार्थियों की चिंताओं को मजबूती से उठाने की जरूरत है।
उन्होंने KG से PG तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक पर प्रभावी रोक, शिक्षा के व्यापारीकरण पर अंकुश और युवाओं के लिए बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांगों को कार्यक्रम में उठाने की बात कही। साथ ही छात्र-युवाओं से 19 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में इंदौर पहुंचने की अपील की।
जिला एनएसयूआई अध्यक्ष अजय खटिक ने कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य की नींव हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर विद्यार्थियों की आवाज सामने आना जरूरी है। उन्होंने कार्यक्रम को छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाने का माध्यम बताया।
जनसंपर्क के दौरान छात्र-छात्राओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह नजर आया। इस अवसर पर प्रदेश सोशल मीडिया समन्वयक शशांक गुप्ता, सूर्यकांत कुशवाहा, जिला एनएसयूआई प्रभारी अभिषेक प्यासी, सौरभ पांडेय, सोशल मीडिया प्रभारी प्रज्ज्वल साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा मौजूद रहे।
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24




