Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश, पोड़ी खिरवा में चक्काजाम

Katni

अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश, पोड़ी खिरवा में चक्काजाम,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24

कटनी।ढीमरखेड़ा। क्षेत्र में कथित अवैध शराब बिक्री के विरोध में शुक्रवार सुबह पोड़ी खिरवा में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं सड़क पर उतर आईं। महिलाओं ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के हाथों में बैनर और तख्तियां नजर आईं। उन्होंने अवैध शराब बिक्री बंद करने और आबकारी विभाग से कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। चक्काजाम के चलते मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
कार्रवाई के आश्वासन पर अड़ी महिलाएं
सूचना मिलने पर ढीमरखेड़ा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, महिलाएं क्षेत्र में कथित अवैध शराब की पैकारी पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ लिखित कार्रवाई का आश्वासन मिलने तक प्रदर्शन जारी रखने की मांग पर अड़ी रहीं।
विधायक की शिकायत के बाद भी कार्रवाई पर सवाल
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह द्वारा इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई थी। इसके बावजूद शराब ठेकेदार के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं होने को लेकर उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
महिलाओं ने आबकारी विभाग से भी क्षेत्र में शराब बिक्री की जांच कराने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
कम कीमत पर शराब बिक्री को लेकर भी सवाल
प्रदर्शनकारियों ने हाल ही में सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों का हवाला देते हुए शराब की गुणवत्ता और अवैध बिक्री को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में देशी शराब कम कीमत पर बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिसकी आबकारी विभाग को जांच करनी चाहिए।
ग्रामीण महिलाओं ने मांग की कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जाए और शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!