गणेश उत्सव को लेकर कैमोर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित

कटनी।कैमोर में गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार शाम 5 बजे कैमोर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर की विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के कार्यकर्ता एवं सदस्य, गणमान्य नागरिक, पत्रकार तथा कैमोर थाना पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।बैठक के दौरान गणेश उत्सव के आयोजन एवं विसर्जन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। कैमोर थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने गणेश उत्सव समितियों के सदस्यों से गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस को निर्धारित समय एवं व्यवस्थित तरीके से निकालने की अपील की।उन्होंने बारिश के मौसम को देखते हुए गणेश पंडालों में विद्युत वायरिंग एवं लाइट व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, ताकि शॉर्ट सर्किट अथवा करंट जैसी किसी अप्रिय घटना की संभावना न रहे।इसके अलावा गणेश पंडालों में बजाए जाने वाले साउंड सिस्टम को निर्धारित समय-सीमा में ही संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि ध्वनि के कारण आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। थाना प्रभारी ने समितियों द्वारा आयोजित किए जाने वाले विशेष कार्यक्रमों के लिए पुलिस थाने से आवश्यक अनुमति लेने की बात भी कही।बैठक में उपस्थित समिति सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाकर गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के साथ मनाने का आश्वासन दिया। बैठक में कैमोर थाना स्टाफ सहित नगर के गणमान्य नागरिक, गणेश उत्सव समितियों के सदस्य एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट।




