लॉटरी से तय होगा 102 हितग्राहियों का आशियाना प्रेमनगर में बुधवार को प्रधानमंत्री आवासों का होगा आवंटन, हितग्राही खुद चुनेंगे अपना घर

प्रेमनगर में बुधवार को प्रधानमंत्री आवासों का होगा आवंटन, हितग्राही खुद चुनेंगे अपना घर,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान का इंतजार कर रहे 102 पात्र हितग्राहियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा प्रेमनगर बस्ती में एएचपी घटक के तहत निर्मित 102 आवासों का बुधवार को लॉटरी पद्धति से आवंटन किया जाएगा।
आवास आवंटन की प्रक्रिया जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी होगी। खास बात यह है कि पात्र हितग्राही स्वयं पर्ची निकालकर अपने लिए आवास का चयन करेंगे। लॉटरी के बाद हितग्राहियों को आवंटन पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
निगम के योजना नोडल अधिकारी अनिल जायसवाल के मुताबिक पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराई जा रही है। वहीं, निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवास की निर्धारित पूरी राशि जमा करने के बाद ही हितग्राही को आधिपत्य पत्र जारी किया जाएगा।
साथ ही आवंटित आवास को किराये पर देने या किसी अपात्र व्यक्ति को रहने देने पर आवंटन निरस्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




