Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने पर जोर, सचिवों और रोजगार सहायकों को दिया ऑनलाइन प्रशिक्षण

OSR पोर्टल पर टैक्स कलेक्शन, परिवार पंजीयन और मॉनिटरिंग की दी गई जानकारी, तकनीकी समस्याओं का भी हुआ समाधान

OSR पोर्टल पर टैक्स कलेक्शन, परिवार पंजीयन और मॉनिटरिंग की दी गई जानकारी, तकनीकी समस्याओं का भी हुआ समाधान,

✍️राजेश साधेलिया कटनी न्यूज 24 

कटनी, 1 सितंबर। जिले की 407 ग्राम पंचायतों को स्वयं के आय स्रोतों के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में जिला पंचायत द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर ग्राम पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों के लिए चरणबद्ध ऑनलाइन प्रशिक्षण एवं समीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
मंगलवार को जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा और बहोरीबंद की ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं रोजगार सहायकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल तकनीकी जानकारी देना नहीं, बल्कि कार्यप्रणाली को बेहतर बनाकर ग्राम पंचायतों में उत्कृष्ट परिणाम हासिल करना है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से तकनीकी समस्याओं का समाधान करते हुए स्वयं के आय स्रोत बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में ऑन सोर्स रेवेन्यू (OSR) पोर्टल के माध्यम से परिवार पंजीयन, टैक्स कलेक्शन, डेटा एंट्री और मॉनिटरिंग प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही कर एवं शुल्क वसूली में आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान बताए गए। कम प्रगति वाली ग्राम पंचायतों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए गए।
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के जिला कार्यक्रम प्रबंधक पंकज कुमार नामदेव तथा जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा और बहोरीबंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी युजवेंद्र कोरी एवं अभिषेक कुमार झा ने ग्राम पंचायतों की संपत्तियों एवं परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग और उनसे आय अर्जित करने के संबंध में उपयोगी जानकारी दी। तकनीकी अधिकारियों द्वारा OSR पोर्टल की प्रायोगिक मॉनिटरिंग कर कर्मचारियों की तकनीकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक कमलेश सैनी एवं बीसी जग्गी पटेल ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत ग्रामों में गीले और सूखे कचरे के वैज्ञानिक निपटान की जानकारी दी। उन्होंने कचरा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, खुले में कचरा फेंकने और जलाने पर रोक तथा व्यवहार परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया।
इसके अलावा ग्रामीण नल-जल योजनाओं के सुचारू संचालन एवं संधारण को लेकर भी तकनीकी अधिकारियों ने आवश्यक जानकारी प्रदान की और प्रशिक्षणार्थियों की जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान किया।
जिला पंचायत के अनुसार 2 सितंबर को जनपद पंचायत रीठी एवं विजयराघवगढ़ तथा 3 सितंबर को बड़वारा एवं कटनी की ग्राम पंचायतों के सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण क्रमशः सुबह 11 बजे और दोपहर 3 बजे आयोजित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!