दधिकांदो महोत्सव की शोभायात्रा को लेकर निगम ने की तैयारियां तेज
सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था के लिए अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व

सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था के लिए अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 27 अगस्त। 72वें दधिकांदो महोत्सव के तहत 6 सितंबर को भगवान श्री मुरली मनोहर जी की प्रस्तावित शोभायात्रा को लेकर नगर पालिक निगम प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शोभायात्रा मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं।
निगमायुक्त द्वारा जारी आदेश के तहत शोभायात्रा मार्ग पर विशेष साफ-सफाई व्यवस्था के साथ स्वागत स्थलों पर पर्याप्त वालेंटियर्स और डस्टबिन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पूरे मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पानी के टैंकर तैनात करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
निगम प्रशासन ने सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलने देने और शोभायात्रा के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अमले को विशेष रूप से निर्देशित किया है। अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का निर्धारित समय-सीमा में पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
शोभायात्रा श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से प्रारंभ होकर सुभाष चौक, खेरमाई मंदिर, केपीएस चौराहा, घंटाघर, गर्ग चौराहा, हरेश्वर मंदिर, बड़े गणेश मंदिर, गोल बाजार, रामलीला मैदान, कामानिया गेट, हनुमान मंदिर, सुभाष चौक, कपड़ा बाजार एवं जवाहर चौक होते हुए पुनः श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर पहुंचेगी।
शोभायात्रा को लेकर निगम प्रशासन का प्रयास है कि पूरे मार्ग में सफाई, प्रकाश और पेयजल सहित नागरिक सुविधाएं व्यवस्थित रहें, जिससे महोत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




