Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
Uncategorized

बारिश के बीच शहर की व्यवस्थाओं की महापौर ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

विभिन्न वार्डों का किया निरीक्षण, नागरिकों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं — सड़क, नाली, सीवर, जल निकासी और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर

विभिन्न वार्डों का किया निरीक्षण, नागरिकों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं — सड़क, नाली, सीवर, जल निकासी और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी, 22 अगस्त। बारिश के बीच शहर की व्यवस्थाओं और नागरिक सुविधाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी शनिवार को विभिन्न वार्डों के मैदानी भ्रमण पर पहुंचीं। उन्होंने सड़क, नाली, सीवर, जल निकासी और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं जानीं।
निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं को लेकर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत की व्यवस्था करने के साथ स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही और प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन नाली कार्य की जांच
महापौर ने वार्ड क्रमांक-1 बाल गंगाधर तिलक वार्ड स्थित साई मंदिर के पीछे निर्माणाधीन नाली कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि क्षेत्र में बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाना जरूरी है। उन्होंने नाली निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
वल्लभनगर रोड पर तत्काल सुधार के निर्देश
इसके बाद महापौर वार्ड क्रमांक-3 स्थित वल्लभनगर रोड पहुंचीं और सड़क की स्थिति का जायजा लिया। बारिश के कारण मार्ग पर आवागमन प्रभावित न हो, इसके लिए उन्होंने आवश्यक स्थानों पर डस्ट डालकर सड़क को मोटरेबल बनाए रखने के निर्देश दिए।
मौके पर नागरिकों से चर्चा करते हुए महापौर ने उनकी समस्याएं सुनीं और स्थायी सड़क सुधार के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संबंधित कार्य का भूमिपूजन हो चुका है और शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
सीवर कार्य वाले क्षेत्रों में आवागमन पर विशेष ध्यान
विवेकानंद वार्ड में निरीक्षण के दौरान महापौर ने सीवर कार्य से प्रभावित गलियों और सड़क मार्गों की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के कारण नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक स्थानों पर डस्ट डालने सहित वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
उन्होंने निर्माण एजेंसियों और नगर निगम के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।
लक्ष्मी पान भंडार से साउथ स्टेशन मार्ग का होगा प्रस्ताव
महापौर ने लक्ष्मी पान भंडार से साउथ स्टेशन तक के मुख्य मार्ग का भी निरीक्षण किया। सड़क की स्थिति को देखते हुए उन्होंने बारिश समाप्त होने के बाद आवश्यक सड़क सुधार एवं निर्माण कार्य के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों के विकास के साथ नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।
सफाई और जल निकासी व्यवस्था की भी समीक्षा
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में महापौर ने सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को बारिश के दौरान नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी की निगरानी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर ने अधिकारियों से कहा कि बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव या सफाई संबंधी समस्या सामने आने पर उसका तत्काल निराकरण किया जाए। इसके लिए अधिकारियों को नियमित रूप से मैदानी निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि बारिश के दौरान शहर की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। सड़क, नाली, सीवर, जल निकासी और सफाई व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मैदानी निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं पर तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ स्थायी समाधान की दिशा में भी प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम का मैदानी निरीक्षण और निगरानी का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!