डुड़सरा पहुंचकर कलेक्टर ने जानी ग्रामीणों की समस्याएं, बच्चों की प्रतिभा भी परखी
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी का ग्राम डुड़सरा दौरा

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी का ग्राम डुड़सरा दौरा — श्मशान भूमि से अतिक्रमण हटाने, बीपीएल कार्ड और रिकॉर्ड सुधार के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी ने विकासखंड बहोरीबंद के ग्राम डुड़सरा पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और गांव की मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों की शैक्षणिक स्थिति, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर और एसडीएम बहोरीबंद प्रदीप कुमार मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
आंगनवाड़ी में बच्चों से संवाद, अर्पिता की कविता ने जीता दिल
आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी गतिविधियों और सीखने की क्षमता का जायजा लिया। नन्हीं बालिका अर्पिता ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कविता सुनाई, जिसे सुनकर कलेक्टर ने उसकी प्रतिभा की सराहना की। वहीं बच्चों ने ‘कौआ की कहानी’ पर अभिनय प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई।
कलेक्टर ने बच्चों के उत्साह की प्रशंसा करते हुए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नियमित रूप से खेल, कहानी, कविता और अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं के ऑनलाइन पंजीयन, पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड तथा बच्चों के टीकाकरण की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र हितग्राही शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।
भागवती ने सुनाया 6 और तनु ने 11 का पहाड़ा
शासकीय प्राथमिक शाला के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों की शैक्षणिक दक्षता परखी। कक्षा 4 की छात्रा भागवती से उन्होंने 6 का पहाड़ा और कक्षा 5 की छात्रा तनु से 11 का पहाड़ा सुनाने को कहा। दोनों छात्राओं ने बिना झिझक सही पहाड़े सुनाकर अपनी तैयारी का परिचय दिया।
इसके बाद कलेक्टर ने बच्चों से विलोम शब्द पूछे। कुछ बच्चों को जवाब देने में कठिनाई होने पर उन्होंने शिक्षकों को बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं को मजबूत करने, नियमित अभ्यास कराने और कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कक्षा 3 की छात्रा आराध्या दाहिया ने हिंदी की कहानी ‘मैं हूं नीम’ पढ़कर सुनाई। कलेक्टर ने उसकी वाचन क्षमता और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उसे प्रोत्साहित किया।
ग्रामीणों की समस्याओं पर कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने श्मशान भूमि पर अतिक्रमण की समस्या उनके समक्ष रखी। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम बहोरीबंद को आवश्यक कार्रवाई कर श्मशान भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।
इसी दौरान सरिता बाई ने बीपीएल कार्ड से संबंधित समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। एक अन्य ग्रामीण द्वारा रिकॉर्ड में सुधार का आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
ग्राम डुड़सरा का यह दौरा प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद तथा स्थानीय समस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।




