Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

रात में सड़क हादसे रोकने यातायात पुलिस का अभियान, मवेशियों और ऑटो पर लगाए रेडियम

कटनी

69 वाहन चालकों पर कार्रवाई, ₹45,200 समन शुल्क वसूल; शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच,

✍️विकास कुमार कटनी न्यूज 24 

कटनी, 14 अगस्त 2026। रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कटनी यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक यातायात रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन तथा यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा और जागरूकता दोनों स्तरों पर कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान यातायात थाना के समीप सयाना मोड़ पर सड़क पर विचरण करने वाले मवेशियों के गले और शरीर पर रेडियम स्ट्रिप लगाई गई। इसका उद्देश्य रात के अंधेरे में वाहन चालकों को मवेशी दूर से ही दिखाई देना और अचानक होने वाली दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना है।
इसके बाद यातायात पुलिस टीम मिशन चौक पहुंची, जहां ऑटो रिक्शा वाहनों पर रेडियम लगाए गए। इससे रात के समय ऑटो की दृश्यता बढ़ेगी और पीछे से आने वाले वाहन चालकों को ऑटो आसानी से दिखाई दे सकेंगे। पुलिस टीम ने ऑटो चालकों और यात्रियों को वाहनों में लगाए गए QR कोड के संबंध में भी जानकारी दी। QR कोड स्कैन कर यात्री ऑटो और चालक से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, जिससे यात्रा के दौरान सुरक्षा और भरोसा बढ़ाया जा सके।
नशे में वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी यातायात पुलिस ने सख्ती दिखाई। संदिग्ध वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई। शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
एक दिन में 69 चालान
यातायात पुलिस द्वारा 12 अगस्त 2026 को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल 69 चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान ₹45,200 का समन शुल्क वसूल किया गया।
कार्रवाई में धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने का एक मामला, बिना सीट बेल्ट के 2, बिना हेलमेट के 4, बिना नंबर प्लेट के 6, तीन सवारी के 8, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने पर 11, नो पार्किंग के 17, बिना फिटनेस के 2 तथा अन्य धाराओं में 18 चालान शामिल हैं।
नियमों का पालन ही सड़क सुरक्षा की पहली शर्त
यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकना भी है। विशेष रूप से रात के समय दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मवेशियों और वाहनों पर रेडियम लगाने, ऑटो में QR आधारित सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। पुलिस ने नागरिकों से सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग करने की अपील भी की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!