माधवनगर पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 30 किलो से अधिक गांजा के पौधे जब्त,
निवार में बाड़ी से गांजा के हरे पौधे बरामद, 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

निवार में बाड़ी से गांजा के हरे पौधे बरामद, 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। जिले में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत माधवनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निवार निवासी एक युवक को गांजा के पौधों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बाड़ी में लगे करीब 30 किलो 790 ग्राम वजन के हरे गांजा के पौधे जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध खेती के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में माधवनगर पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी।
12 अगस्त 2026 को पुलिस टीम निवार क्षेत्र में भ्रमण के दौरान आरोपी अनिल गोस्वामी पिता रामराज गोस्वामी, उम्र 19 वर्ष, निवासी निवार, थाना माधवनगर की बाड़ी पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी कथित रूप से घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने उसे पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा बाड़ी में गांजा के पौधे लगाए जाने की बात स्वीकार किए जाने पर पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मौके से गांजा के हरे पौधे बरामद किए।
पुलिस ने जब्त गांजा के पौधों का कुल वजन करीब 30 किलो 790 ग्राम बताया है। मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की विवेचना की जा रही है।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
माधवनगर पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में सउनि राजेश बागरी, प्रधान आरक्षक अजित सिंह, विनोद विश्वकर्मा, आरक्षक लोकेन्द्र सिंह, मणि सिंह, रोहित सिंह एवं नवीन शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




