Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

आधार सेवाओं को बेहतर बनाने कलेक्टर ने दिए निर्देश, जरूरत वाले क्षेत्रों में लगेंगी नई मशीनें,

कटनी

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 
कटनी। जिले में आधार सेवाओं को अधिक सुगम, व्यवस्थित और नागरिक हितैषी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में आधार केंद्रों के संचालन, नामांकन एवं अपडेट की स्थिति की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधार बनवाने, संशोधन कराने अथवा बायोमेट्रिक अपडेट के लिए नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने आधार सेवाओं की नियमित निगरानी और केंद्रों के सुचारू संचालन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
जिला चिकित्सालय सहित चार स्थानों पर आधार सेवाएं शुरू करने के निर्देश
कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय, कलेक्ट्रेट कार्यालय, बाकल और सिलौंडी में आधार किट मशीनें स्थापित कर आधार संबंधी सेवाएं शुरू कराने के निर्देश दिए। जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं। साथ ही प्रतिदिन लगभग 25 से 30 प्रसव होने के मद्देनजर कलेक्टर ने यहां आधार किट स्थापित करने को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में ई-गवर्नेंस के जिला प्रबंधक सौरभ नामदेव ने बताया कि जिले में कुल 52 आधार किट मशीनें उपलब्ध हैं। इनमें से कुछ मशीनें वर्तमान में अक्रियाशील हैं। इस पर कलेक्टर ने सभी अक्रियाशील मशीनों को जल्द से जल्द क्रियाशील कराने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर उनका स्थानांतरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बहोरीबंद और रीठी के आधार केंद्र होंगे स्थानांतरित
नागरिकों को उनके क्षेत्र में बेहतर आधार सुविधा उपलब्ध कराने के लिए महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय बहोरीबंद से एक आधार केंद्र को स्लीमनाबाद तहसील में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। वहीं तहसील रीठी में संचालित एक आधार केंद्र को बिलहरी उपतहसील में स्थानांतरित कर क्षेत्रवासियों को आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
बच्चों के आधार पंजीयन और बायोमेट्रिक अपडेट पर जोर
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अब्दुल गफ्फार को इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक की आधार टैबलेट मशीनों के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। इन शिविरों के जरिए पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों का निःशुल्क नवीन आधार पंजीयन शत-प्रतिशत कराने पर जोर दिया गया।
इसी तरह जिला शिक्षा अधिकारी और जिला परियोजना समन्वयक को जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत आधार पंजीयन एवं आवश्यक बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित आधार शिविरों में अपने विभाग से जुड़े हितग्राहियों का आधार पंजीयन एवं अपडेशन कराने के साथ 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों का आवश्यक बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए।
आधार केंद्रों की व्यवस्थाओं की होगी नियमित समीक्षा
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि आधार आज विभिन्न शासकीय एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए आधार केंद्रों पर नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को केंद्रों की नियमित समीक्षा करने और सामने आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद पांडे, डीपीसी प्रेमनारायण तिवारी, एलडीएम मेझरस किंडो, डीपीओ अब्दुल गफ्फार सहित डाक विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!