कटनी में 28 अक्टूबर को सजेगा बलराम कृषि महोत्सव, कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
कृषि तकनीक और प्राकृतिक उत्पादों की लगेगी प्रदर्शनी, प्रगतिशील किसानों को मिलेगा सम्मान

कृषि तकनीक और प्राकृतिक उत्पादों की लगेगी प्रदर्शनी, प्रगतिशील किसानों को मिलेगा सम्मान,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। जिले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से रूबरू कराने और कृषि क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार, 28 अक्टूबर को कृषि उपज मंडी परिसर में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर आशीष तिवारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं शासकीय सेवकों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जिला पंचायत सीईओ को बनाया नोडल अधिकारी
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी तथा उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास प्रतिभा गौर को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। आयोजन की व्यवस्थाओं के समन्वय और सफल संचालन के लिए विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
किसानों के परिवहन से लेकर भोजन तक की व्यवस्था
कार्यक्रम में शामिल होने वाले किसानों एवं हितग्राहियों को गांवों से आयोजन स्थल तक लाने और वापस पहुंचाने के साथ भोजन पैकेट की व्यवस्था का दायित्व जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी एवं सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सौंपा गया है।
नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार आयोजन स्थल पर पेयजल, पानी के टैंकर, चलित शौचालय और अग्निशमन की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगी। वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतिथियों की सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। संयुक्त कलेक्टर एवं एसडीएम कटनी जितेंद्र कुमार पटेल मंच पर विशिष्ट अतिथियों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।तहसीलदार कटनी अजीत कुमार तिवारी को मंचीय व्यवस्थाओं के साथ सर्किट हाउस एवं रेस्ट हाउस में अतिथियों के ठहरने और सत्कार की जिम्मेदारी दी गई है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बसों की उपलब्धता तथा वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित करेंगे।
स्वास्थ्य, बिजली और साफ-सफाई पर रहेगा जोर
कार्यक्रम एवं पार्किंग स्थल पर स्वास्थ्य शिविर, एंबुलेंस तथा विशिष्ट अतिथियों के लिए चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर करेंगे।कृषि उपज मंडी सचिव मनीष मंडलोई को मंडी परिसर की साफ-सफाई, विशिष्ट अतिथियों के लिए स्वल्पाहार एवं भोजन, शुद्ध पेयजल तथा फूल-मालाओं और गुलदस्तों की व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है। ऊर्जा विभाग के मुख्य कार्यपालन यंत्री आयोजन के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे।कार्यक्रम के लाइव प्रसारण, लीज लाइन और इंटरनेट कनेक्टिविटी की व्यवस्था जिला सूचना विज्ञान अधिकारी प्रफुल्ल श्रीवास्तव, जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस सौरभ नामदेव और बीएसएनएल के मंडल अभियंता डी.के. मठधारी संभालेंगे। जिला लोकसेवा प्रबंधक दिनेश विश्वकर्मा को डीसीसी कंट्रोल रूम का प्रभारी बनाया गया है। वे परिवहन में लगी बसों के आगमन और प्रस्थान की रिपोर्ट भी संकलित करेंगे। कार्यक्रम के मंच संचालन की जिम्मेदारी राजेंद्र असाटी को सौंपी गई है।
मेधावी विद्यार्थियों और प्रगतिशील किसानों का होगा सम्मान
महोत्सव के दौरान कृषक परिवारों के 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। इसकी व्यवस्था जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा की जाएगी। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक चार वैज्ञानिकों के माध्यम से कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ केंद्र के स्टॉल का प्रदर्शन भी सुनिश्चित करेंगे।
आधुनिक कृषि उपकरणों और प्राकृतिक उत्पादों की प्रदर्शनी
बलराम कृषि महोत्सव में कृषि एवं संबंधित विभागों की ओर से विभिन्न प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत उपकरणों और प्राकृतिक उत्पादों को प्रमुखता दी जाएगी। अभियांत्रिकी विभाग द्वारा हैप्पी सीडर, सुपर सीडर और हार्वेस्टर सहित आधुनिक कृषि उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके साथ ही मानव जीवन विकास समिति के सचिव निर्भय सिंह के माध्यम से मिलेट उत्पादों की ब्रांडिंग, जैव उत्पाद इकाई (वीआरसी) तथा कृषक उत्पादक संगठनों द्वारा तैयार प्राकृतिक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसका उद्देश्य किसानों को कृषि क्षेत्र में उपलब्ध नई तकनीकों, वैकल्पिक उत्पादों और नवाचारों की जानकारी देना है।
मुख्यमंत्री से संवाद करेंगे पांच प्रगतिशील किसान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से संवाद के लिए पांच प्रगतिशील किसानों का चयन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्रशस्ति पत्र वितरण के लिए कृषि एवं अन्य संबद्ध विभागों के समन्वय से 10 प्रगतिशील किसानों का चयन किया जाएगा।
किसानों के चयन की जिम्मेदारी परियोजना संचालक आत्मा रजनी चौहान, सहायक संचालक खेलावन डेहरिया, अनुविभागीय कृषि अधिकारी पूनम समदरिया और सहायक संचालक कृषि मनीष कुमार मिश्रा को सौंपी गई है।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने दायित्वों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्वहन करें, ताकि बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।




