कटनी: शाल्या होटल संचालक पर फायरिंग करने वाले चार आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त कट्टा और दो बाइक जब्त
कमरा देने से इनकार करने पर होटल संचालक पर गोली चलाने का आरोप, कुठला पुलिस की त्वरित कार्रवाई

कमरा देने से इनकार करने पर होटल संचालक पर गोली चलाने का आरोप, कुठला पुलिस की त्वरित कार्रवाई,
कटनी। शहर के इंद्रानगर स्थित शाल्या होटल में कमरा बुक कराने को लेकर हुए विवाद में होटल संचालक पर गोली चलाने के मामले में कुठला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित चार आरोपियों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुनील यादव के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कट्टा और वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई पल्सर व अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कमरा देने से मना करने पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, फरियादी प्रेमशंकर राय (56), निवासी जयप्रकाश वार्ड, नई बस्ती, कटनी ने 21 अक्टूबर 2026 को कुठला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात करीब 9 बजे वह इंद्रानगर स्थित शाल्या होटल के कार्यालय में बैठे थे। इसी दौरान सुनील यादव अपने तीन साथियों के साथ होटल में कमरा बुक कराने पहुंचा। कमरा देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान सुनील यादव ने कथित तौर पर कट्टा निकालकर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। फरियादी के झुक जाने से गोली उनके बगल से निकल गई। इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ झूमाझटकी और मारपीट की तथा मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 930/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(2), 331(6), 296(b) एवं 3(5) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दाहिया ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज सहित तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के लिए पुलिस टीमों को अमानगंज, जिला पन्ना सहित अन्य स्थानों पर भेजा गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ये चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में सुनील यादव (32), निवासी ग्राम डोभा, थाना कोतवाली पन्ना, हाल निवासी इंद्रानगर गली नंबर-9, कटनी; पवन यादव (18 वर्ष 1 माह), निवासी ग्राम गनियारी, थाना सेमरिया, जिला पन्ना; जयपाल उर्फ मुन्ना यादव (25), निवासी ग्राम डोभा, थाना कोतवाली, जिला पन्ना; और ब्रजेश यादव (24), निवासी ग्राम डोभा, थाना कोतवाली, जिला पन्ना को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दाहिया, उपनिरीक्षक विनोद सिंह, सहायक उपनिरीक्षक श्याम सिंह, प्रधान आरक्षक अजीत मिश्रा, रामेश्वर सिंह, अजय यादव, आलोक तिवारी, ताहिर खान तथा आरक्षक पुष्पेंद्र त्रिपाठी, विजय प्रजापति, विजय राणा, बुद्धू कुमार, मनोज सिंह, शिशिर पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।




