समय-सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त, लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार
लाड़ली लक्ष्मी योजना में कम पंजीयन पर परियोजना अधिकारी को नोटिस, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश

लाड़ली लक्ष्मी योजना में कम पंजीयन पर परियोजना अधिकारी को नोटिस, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं, सीएम हेल्पलाइन और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों के पास अद्यतन जानकारी नहीं होने और लंबित मामलों के निराकरण में लापरवाही पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को बैठक में पूरी तैयारी और आवश्यक जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए।
लाड़ली लक्ष्मी योजना में कम पंजीयन पर कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के विजयराघवगढ़ परियोजना अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, समय-सीमा के लंबित पत्रों की जानकारी के बिना बैठक में पहुंचने पर मार्कफेड अधिकारी के प्रति नाराजगी जताते हुए प्रबंध संचालक को पत्र लिखकर अवगत कराने के निर्देश दिए। पटवारियों के लंबित विभागीय जांच प्रकरणों की जानकारी भी एसएलआर को प्रस्तुत करने को कहा गया।
सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता देने के निर्देश
कलेक्टर ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित संबंधित विभागों को क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश का दौर समाप्त हो चुका है, इसलिए सड़क मरम्मत के कार्यों में तेजी लाई जाए।
लंबित भुगतानों का शीघ्र निपटारा
बैठक में कलेक्टर ने ठेकेदारों, हितग्राहियों तथा विभिन्न मदों से जुड़े लंबित भुगतानों का समय पर निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भुगतान संबंधी मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
सीएम हेल्पलाइन में कटनी को मिला दूसरा स्थान
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में कटनी जिले के प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहने पर कलेक्टर ने अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत 2 अक्टूबर को पहाड़ी में आयोजित होने वाले शिविर के लिए चयनित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य और महिला-बाल विकास योजनाओं की समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच और एनीमिया के मामलों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, बच्चों के पंजीयन, पोषण पुनर्वास केंद्र तथा पोषण ट्रैकर में चिन्हित सैम-मैम बच्चों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
राजस्व कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान फार्मर रजिस्ट्री, स्वामित्व योजना, डिजिटाइजेशन और पीएम किसान ई-केवाईसी की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने 30 सितंबर तक खरीफ गिरदावरी का कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के लंबित एवं स्वीकृत प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। पीएम स्वनिधि योजना में नगर निगम को विशेष रूप से प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा सहित सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




