जलकर वसूली में धीमी प्रगति पर निगमायुक्त सख्त अंतिम तीन दिनों में मिशन मोड पर अभियान चलाने के निर्देश,
अंतिम तीन दिनों में मिशन मोड पर अभियान चलाने के निर्देश, बकायेदारों को 50% राहत योजना का लाभ लेने की अपील

अंतिम तीन दिनों में मिशन मोड पर अभियान चलाने के निर्देश, बकायेदारों को 50% राहत योजना का लाभ लेने की अपील,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। जलकर राहत योजना के तहत बकाया राशि की वसूली की धीमी प्रगति को लेकर नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार देर शाम आयोजित समीक्षा बैठक में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अंतिम तीन दिनों में मिशन मोड पर अभियान चलाने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने कहा कि योजना की अंतिम अवधि में कोई भी पात्र उपभोक्ता राहत के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए अधिकारी-कर्मचारी फील्ड में उतरकर बकायेदार उपभोक्ताओं से सीधे संपर्क करें और उन्हें योजना के तहत मिलने वाली 50 प्रतिशत छूट की जानकारी देकर बकाया राशि जमा करने के लिए प्रेरित करें।
10 अक्टूबर के बाद नहीं मिलेगा छूट का लाभ
नगर निगम द्वारा लागू जलकर राहत योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को वर्षों से लंबित बकाया जलकर राशि पर 50 प्रतिशत की राहत दी जा रही है। योजना का लाभ लेने की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर निर्धारित है। इसके बाद उपभोक्ताओं को बकाया राशि अधिभार सहित जमा करनी होगी।
निगमायुक्त ने वसूली दलों को तीन दिनों की दैनिक कार्ययोजना बनाकर शत-प्रतिशत पात्र उपभोक्ताओं से संपर्क करने और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बड़े बकायेदारों से अधिकारी स्वयं करें संपर्क
बैठक में निगमायुक्त ने राजस्व अधिकारी, सहायक राजस्व अधिकारी और जल प्रदाय विभाग के सहायक यंत्री को बड़े बकायेदारों से स्वयं संपर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल नोटिस जारी करने तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर उपभोक्ताओं को योजना की समय-सीमा और छूट की जानकारी दें तथा भुगतान के लिए प्रेरित करें।
साथ ही निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के भवनों में स्थापित नल कनेक्शनों की बकाया राशि का नियमानुसार वेतन से समायोजन करने के निर्देश भी दिए गए।
भुगतान नहीं करने पर नल कनेक्शन होंगे विच्छेदित
निगमायुक्त ने कहा कि बार-बार सूचना देने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन विच्छेदित करने की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, अवैध नल कनेक्शन पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बैठक में राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक, सहायक यंत्री मृदुल श्रीवास्तव सहित राजस्व एवं जलकर विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




