शीतलहर से बचाव के लिए नगर निगम अलर्ट, रैन बसेरा की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर राजस्व अधिकारी ने लिया जायजा, जरूरतमंदों को मिल रही सुरक्षित रात्रि आश्रय की सुविधा

निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर राजस्व अधिकारी ने लिया जायजा, जरूरतमंदों को मिल रही सुरक्षित रात्रि आश्रय की सुविधा,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। शीतलहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए नगर निगम प्रशासन जरूरतमंदों को सुरक्षित रात्रि आश्रय उपलब्ध कराने के लिए सतर्क हो गया है। शहर में कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर न हो, इसके लिए रैन बसेरा की व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने मंगलवार की रात बस स्टैंड स्थित नगर निगम के रैन बसेरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, गर्म कपड़ों सहित रात्रि विश्राम के लिए उपलब्ध अन्य जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर का परीक्षण कर केयरटेकर से रात्रि विश्राम करने वाले नागरिकों की संख्या और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही सभी व्यवस्थाओं को बेहतर एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि आश्रय लेने वाले प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिल सके।
रैन बसेरा में ठहरे नागरिकों से लिया फीडबैक
राजस्व अधिकारी पाठक ने रैन बसेरा में ठहरे रेपुरा निवासी सुखराजू बर्मन एवं रमता पटेल से बातचीत कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। इस दौरान नागरिकों ने रैन बसेरा की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि उन्हें यहां रुकने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने नगर निगम प्रशासन की इस पहल की सराहना भी की।
जरूरतमंदों को खुले आसमान के नीचे रात बिताने से मिलेगी राहत
उल्लेखनीय है कि सर्दी और शीतलहर के दौरान नगर निगम द्वारा जरूरतमंदों, यात्रियों और रोजगार की तलाश में बाहर से आने वाले लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। निगम प्रशासन का उद्देश्य है कि ठंड के मौसम में किसी भी व्यक्ति को खुले आसमान के नीचे रात गुजारने की मजबूरी न हो। इसके लिए रैन बसेरा में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है।




