बरही अग्निकांड पर विधायक संजय पाठक ने जताया गहरा शोक, पीड़ित परिवार से मिलने स्वयं पहुंचेंगे
छह लोगों की दर्दनाक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर, विधायक ने वीडियो संदेश जारी कर दिवंगत आत्माओं को दी श्रद्धांजलि

छह लोगों की दर्दनाक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर, विधायक ने वीडियो संदेश जारी कर दिवंगत आत्माओं को दी श्रद्धांजलि,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी/बरही। बरही नगर में बीती रात हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक हादसे में नगर के प्रमुख व्यवसायी श्री पूरन अग्रवाल सहित उनके परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत से क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल है। एक ही परिवार के छह लोगों के असमय निधन की खबर से हर कोई स्तब्ध है।
इस दुखद घटना पर विधायक संजय पाठक ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगतों के प्रति अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और हृदय विदारक है। इस कठिन समय में पूरा क्षेत्र शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है।
विधायक संजय पाठक ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों और रिश्तेदारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
विधायक ने यह भी जानकारी दी कि वे कुछ ही देर में स्वयं बरही पहुंचकर पीड़ित परिवार के परिजनों और संबंधियों से मुलाकात करेंगे तथा इस दुख की घड़ी में उनके बीच उपस्थित रहकर संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।
बरही की इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। हर आंख नम है और हर कोई पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहा है।
विनम्र श्रद्धांजलि। ॐ शांति, शांति, शांति।




