टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

पालन घर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने निगमायुक्त ने दिए निर्देश

टी.सी. बजन स्कूल स्थित पालन घर का किया निरीक्षण, बच्चों के विकास और सुरक्षा पर दिया जोर

टी.सी. बजन स्कूल स्थित पालन घर का किया निरीक्षण, बच्चों के विकास और सुरक्षा पर दिया जोर,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। कामकाजी महिलाओं के बच्चों को सुरक्षित वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगमायुक्त तपस्या परिहार ने गुरुवार को टी.सी. बजन स्कूल परिसर में संचालित पालन घर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की देखभाल, पोषण, स्वच्छता और रचनात्मक गतिविधियों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनकी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने केयरटेकर पूनम बानामी से बच्चों को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। साथ ही उपस्थिति पंजी, पोषण आहार, पेयजल, खेल सामग्री और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि बच्चों के शारीरिक और बौद्धिक विकास के लिए ज्ञानवर्धक खिलौने, चार्ट, पठन सामग्री और खेल उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। इसके साथ ही आवश्यक अलमारी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पालन घर के पीछे स्थित रिक्त भूमि पर सुरक्षा की दृष्टि से बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराने और स्थल को विकसित कर बच्चों के लिए आउटडोर खेल क्षेत्र तैयार करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पालन घर केवल बच्चों की देखभाल का केंद्र नहीं, बल्कि उनके सीखने और संस्कारों की पहली पाठशाला है। इसलिए यहां का वातावरण सुरक्षित, स्वच्छ और बच्चों के सर्वांगीण विकास के अनुकूल होना चाहिए।
इस दौरान निगमायुक्त ने परिसर में संचालित जोन कार्यालय और अतिक्रमण कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण करने तथा कार्यालय परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!