टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

कटनी के फरसी पत्थर उद्योग को बढ़ावा देने की तैयारी, कलेक्टर ने खदानों का किया निरीक्षण

जन विश्वास अभियान के तहत खदान संचालकों से की चर्चा, गुणवत्ता, औद्योगिक विस्तार और श्रमिकों की सुरक्षा पर दिया जोर

जन विश्वास अभियान के तहत खदान संचालकों से की चर्चा, गुणवत्ता, औद्योगिक विस्तार और श्रमिकों की सुरक्षा पर दिया जोर,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। जिले के फरसी पत्थर उद्योग को नई पहचान दिलाने और स्थानीय खनन व्यवसाय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर आशीष तिवारी ने शुक्रवार को रीठी तहसील क्षेत्र में संचालित फरसी पत्थर की खदानों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत किए गए इस निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खदानों में पत्थर की कटाई, ब्लॉक तैयार करने की तकनीक, रोप कटिंग प्रक्रिया और पत्थर की वास्तविक रिकवरी का जायजा लिया। उन्होंने खदान संचालकों से उत्पादन, आय और व्यवसाय में आ रही समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान पर चर्चा की।
कलेक्टर ने फरसी पत्थर की गुणवत्ता में सुधार और उसके उपयोग का दायरा बढ़ाने पर जोर देते हुए जिले में नए उद्योग स्थापित करने तथा मौजूदा औद्योगिक इकाइयों के विस्तार की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैहर में निर्माणाधीन शारदा लोक सहित अन्य धार्मिक स्थलों और बड़े भवन निर्माण कार्यों में फरसी पत्थर के उपयोग की संभावनाएं खोजी जाएं, ताकि स्थानीय उत्पाद को व्यापक बाजार मिल सके और जिले में रोजगार एवं औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिले।
श्रमिकों की सुरक्षा पर विशेष जोर
कलेक्टर ने खदानों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खदान संचालकों को सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ज्योति सिंह चौहान, खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा एवं कमलकांत परस्ते सहित खनिज विभाग के अधिकारी और खदान संचालक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!