Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

गणेश विसर्जन के लिए निगम ने कसी कमर, जुलूस मार्ग से कुंडों तक रहेंगी पुख्ता व्यवस्थाएं

25 सितंबर को होगा विसर्जन, कृत्रिम व चलित कुंडों के साथ सफाई, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा के इंतजाम

25 सितंबर को होगा विसर्जन, कृत्रिम व चलित कुंडों के साथ सफाई, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा के इंतजाम,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24

 
कटनी। गणेश चतुर्थी एवं अनंत चतुर्दशी पर्व को लेकर नगर निगम प्रशासन ने गणेश प्रतिमा विसर्जन और चल समारोह की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। 25 सितंबर को होने वाले विसर्जन पर्व को देखते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए जुलूस मार्ग से लेकर विसर्जन स्थलों तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पूर्व वर्षों की तरह गणेश चौक, मढ़ई मंदिर, हनुमान मंदिर, सुभाष चौक, झंडा बाजार, शेर चौक और आजाद चौक होते हुए विसर्जन स्थलों तक जाने वाले मार्गों पर विशेष इंतजाम किए जाएंगे। जुलूस मार्ग पर आवश्यकतानुसार सड़क मरम्मत एवं पेचवर्क, सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराई जाएगी, ताकि चल समारोह के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
कृत्रिम कुंडों में होगा प्रतिमाओं का विसर्जन
पारंपरिक जलस्रोतों पर दबाव कम करने के लिए निर्धारित स्थलों पर कृत्रिम विसर्जन कुंड तैयार किए जाएंगे। इनमें पर्याप्त जल, तिरपाल, बैरिकेडिंग और बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए आवश्यकता अनुसार वाहनों की व्यवस्था रहेगी। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के लिए वाटरप्रूफ पंडाल एवं बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी। मसुरहा घाट क्षेत्र में संबंधित भूमि स्वामी की सहमति से कृत्रिम कुंड निर्माण के निर्देश दिए गए हैं।
जुलूस मार्ग और घाटों पर तैनात रहेंगे सफाई मित्र
विसर्जन पर्व के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए जुलूस मार्ग और विसर्जन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। पर्याप्त संख्या में सफाई मित्रों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही आवारा पशुओं की रोकथाम के निर्देश दिए गए हैं।
निगम प्रशासन ने गणेश समितियों एवं आयोजकों से प्रतिबंधित और अमानक प्लास्टिक के स्थान पर कागज एवं पत्तों से निर्मित पत्तल, दोना, गिलास और कटोरी जैसी पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग करने की अपील की है। प्रतिमा विसर्जन के बाद कृत्रिम कुंडों की सफाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा पर विशेष जोर
विसर्जन स्थलों पर पेयजल और पानी के टैंकर उपलब्ध रहेंगे। कृत्रिम एवं चलित कुंडों के लिए तिरपाल, बैनर और फ्लैक्स की व्यवस्था की जाएगी। जुलूस मार्ग, प्रमुख स्थानों और कुंडों के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए जनरेटर एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस कंट्रोल रूम में अग्निशमन वाहन की व्यवस्था तथा विसर्जन स्थलों पर होमगार्ड, तैराक और गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जाएगा।
छोटी प्रतिमाओं के लिए चलित कुंड की व्यवस्था
निगमायुक्त ने घरों में स्थापित छोटी गणेश प्रतिमाओं को चलित विसर्जन कुंडों में तथा बड़ी प्रतिमाओं को निर्धारित कृत्रिम कुंडों में विसर्जित करने के लिए नागरिकों और गणेश समितियों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। इससे पारंपरिक जलस्रोतों पर दबाव कम करने के साथ विसर्जन प्रक्रिया को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
पर्व के दौरान स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए 23, 24 और 25 सितंबर को मांस-मछली की दुकानों को बंद रखने संबंधी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश स्वास्थ्य शाखा को दिए गए हैं।
निगम की नागरिकों से अपील
नगर निगम प्रशासन ने गणेश समितियों एवं नागरिकों से निर्धारित कृत्रिम और चलित कुंडों में ही प्रतिमा विसर्जन करने, प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल गणेश विसर्जन में निगम प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!