कैमोर के जन-विश्वास शिविर में पहुंचे 69 फरियादी, कलेक्टर ने सुनीं समस्याएं
नल-जल योजना, सड़क-नाली निर्माण सहित विभिन्न मामलों में अधिकारियों को जांच और निराकरण के निर्देश

कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को कैमोर में जन-विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों से प्रशासन को अवगत कराया। इस दौरान कुल 69 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर आशीष तिवारी ने शिविर में पहुंचे प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई एवं निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, डीएफओ गर्वित गंगवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद सदस्य, सरपंच, पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
शिविर में ग्राम पंचायत कुसमा के सरपंच दुर्गा प्रसाद कोल ने गांव में पिछले तीन-चार वर्षों से संचालित नल-जल मिशन का कार्य अब तक पूर्ण नहीं होने की शिकायत रखी। वहीं ग्राम पंचायत खलवारा के ग्रामीणों ने नल-जल योजना के तहत कराए गए बोरवेल और पानी की टंकी से संबंधित समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने पीएचई के कार्यपालन यंत्री को मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी तरह खलवारा ग्राम पंचायत के पंच मृगेन्द्र सिंह ने सीसी रोड सह नाली निर्माण कार्य में निर्धारित मूल्यांकन से अधिक राशि निकाले जाने का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जन-विश्वास शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर पात्रतानुसार निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
✍️राजेश कुमार तिवारी के साथ राजेश सांघेलिया कटनी न्यूज 24




