अवैध शराब के खिलाफ निवार पुलिस का शिकंजा, 30 लीटर कच्ची शराब जब्त

राजेश कुमार तिवारी
कटनी। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ निवार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से करीब 2 क्विंटल महुआ लाहन नष्ट किया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर माधवनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शीलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में चौकी प्रभारी निवार अंजनी कुमार मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ 11 सितंबर को ग्राम बिचपुरा, टेढ़ी, सुनहरा और मनिहरा क्षेत्र में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान टेढ़ी निवासी कौशल लूनिया और कल्लू लूनिया के ठिकानों से कुल 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है। वहीं शराब बनाने के लिए तैयार करीब 2 क्विंटल महुआ लाहन को मौके पर नष्ट किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों से नशे से दूर रहने और अवैध शराब के कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक राजेश कोरी, कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक अंकित दुबे, आरक्षक बकील यादव, अरविंद दुबे सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




