बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में साइबर सुरक्षा पर जोर
पांचों विकासखंडों में महिलाओं और बालिकाओं को डिजिटल सुरक्षा का दिया प्रशिक्षण

पांचों विकासखंडों में महिलाओं और बालिकाओं को डिजिटल सुरक्षा का दिया प्रशिक्षण,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। महिलाओं और बालिकाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत साइबर सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के कटनी, रीठी, बहोरीबंद, विजयराघवगढ़ और ढीमरखेड़ा विकासखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल तकनीक के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान एनआईआईटी फाउंडेशन दिल्ली के प्रशिक्षकों सुशित सोनी और सचिन ने इंटरनेट बैंकिंग, ऑनलाइन पेमेंट ऐप, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल सहित साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। प्रतिभागियों को ऑनलाइन ठगी, व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से बचने के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।
कार्यक्रम में ऑनलाइन स्टॉकिंग और अन्य साइबर अपराधों से बचाव पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। महिलाओं और बालिकाओं को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने, अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अब्दुल गफ्फार ने बताया कि डिजिटल तकनीक महिलाओं के लिए शिक्षा, आत्मनिर्भरता और रोजगार के नए अवसरों का माध्यम बन रही है। ऐसे में डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए साइबर सुरक्षा की जानकारी बेहद जरूरी है।




