गांजा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा, 2.188 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ में जीजा का नाम सामने आया, पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी फरार

पूछताछ में जीजा का नाम सामने आया, पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी फरार,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कटनी पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलो 188 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने गांजा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के रूप में अपने जीजा का नाम बताया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
संदिग्ध हालत में बैठा था आरोपी, पुलिस को देखकर भागने लगा
पुलिस के मुताबिक सिविल लाइन और गायत्री नगर पुलिया क्षेत्र में गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बिक्री किए जाने की सूचना मिल रही थी। सूचना के बाद पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग की जा रही थी।
इसी दौरान 8 सितंबर 2026 को थाना मोबाइल पुलिस टीम गायत्री नगर पुलिया, रेलवे पंप रोड के पास पेट्रोलिंग कर रही थी। यहां एक व्यक्ति सुनसान स्थान पर पेड़ के नीचे सफेद रंग का थैला लेकर बैठा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को अपनी ओर आता देख वह घबरा गया और थैला लेकर मौके से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम चूड़ामणि दुबे, पिता दुर्गा शंकर दुबे, उम्र 35 वर्ष, निवासी झलवारा, थाना एनकेजे, जिला कटनी बताया। उसके पास मौजूद थैले की तलाशी लेने पर पन्नी में गांजा बरामद हुआ। मौके पर तौल करने पर गांजे की कुल मात्रा 2.188 किलोग्राम पाई गई।
जीजा से गांजा मिलने का दावा, पुलिस ने दूसरे आरोपी को बनाया नामजद
पुलिस पूछताछ में चूड़ामणि दुबे ने बताया कि उसका जीजा सुरेश तिवारी, निवासी सिविल लाइन, कटनी उसे गांजा बेचने के लिए उपलब्ध कराता था। गांजा बेचने के बाद वह बिक्री से प्राप्त रकम अपने जीजा को दे देता था।
आरोपी के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने सुरेश तिवारी को भी मामले में नामजद किया है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई की जानकारी मिलते ही सुरेश तिवारी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी चूड़ामणि दुबे के खिलाफ अपराध क्रमांक 1021/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही गांजा उपलब्ध कराने के स्रोत और पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के अनुसार क्षेत्र में गांजा बिक्री की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं, जिसके बाद पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी सुरेश तिवारी पूर्व में भी आपराधिक मामले में सजा पा चुका है। कोतवाली थाना क्षेत्र के वर्ष 2022 के एक मामले में न्यायालय द्वारा उसे 10 वर्ष के सश्रम कारावास और एक लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया था। वर्तमान में वह जमानत पर बाहर था। पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी के साथ पूर्व प्रकरण में जमानत निरस्तीकरण की कार्रवाई भी करने की बात कह रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, उनि. कुलदीप सिंह, प्र.आर. वीरेन्द्र तिवारी, आर. अजय प्रताप सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह एवं रोहित राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




