Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

कटनी में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, रातभर चला कॉम्बिंग गश्त अभियान

20 स्थाई वारंटी, 69 गिरफ्तारी वारंटी समेत 182 आरोपियों पर कार्रवाई; अवैध शराब के 44 मामलों में 134 लीटर से अधिक शराब जब्त

20 स्थाई वारंटी, 69 गिरफ्तारी वारंटी समेत 182 आरोपियों पर कार्रवाई; अवैध शराब के 44 मामलों में 134 लीटर से अधिक शराब जब्त,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। अपराधियों पर शिकंजा कसने और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने विगत रात्रि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने देर रात तक सघन चेकिंग करते हुए वांछित अपराधियों, वारंटियों और आदतन अपराधियों की धरपकड़ की।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान न्यायालय से जारी 20 स्थाई वारंट और 69 गिरफ्तारी वारंट में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही गुंडा सूची में शामिल बदमाशों और निगरानी बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों की भी जांच की गई।
गुंडा और निगरानी बदमाशों की चेकिंग
पुलिस टीमों ने अभियान के दौरान 42 गुंडा बदमाशों और 44 निगरानी बदमाशों को चेक किया। वहीं जिलाबदर किए गए 3 बदमाशों की भी जांच की गई।
अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
कॉम्बिंग गश्त के दौरान अवैध शराब के परिवहन, बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब के सेवन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 44 प्रकरण दर्ज कर 44 आरोपियों पर कार्रवाई की। आरोपियों के कब्जे से 415 पाव देशी शराब, करीब 74.7 लीटर, तथा 59.5 लीटर कच्ची शराब, कुल 134.2 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 53 हजार 60 रुपये बताई गई है।
नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस टीमों ने वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए 10 वाहन चालकों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
जुआ और शांति भंग करने वालों पर भी शिकंजा
अभियान के दौरान जुआ एक्ट के तहत 3 प्रकरण दर्ज किए गए। शांति भंग करने की आशंका में 3 आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई, जबकि शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 62 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126 और 135 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
वारंट और समंस की भी तामील
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 37 जमानती वारंट और 51 समंस भी तामील किए।
होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग
रात्रिकालीन अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों के साथ ही होटल, ढाबे और धर्मशालाओं की भी जांच की। बाहर से आने-जाने वाले 44 मुसाफिरों की चेकिंग कर उनका विवरण रजिस्टर में दर्ज किया गया।
कटनी पुलिस का यह व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान वांछित एवं आदतन अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखने, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!