24 घंटे में चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार; मुख्य आरोपी की तलाश जारी

24 घंटे में चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार; मुख्य आरोपी की तलाश जारी,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। ढीमरखेड़ा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, चोरी का मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन तथा थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
यह है पूरा मामला
ग्राम महगंवा निवासी प्रताप सिंह गोंड ने थाना ढीमरखेड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 अगस्त की रात करीब 11 बजे से 21 अगस्त की सुबह 6 बजे के बीच उनके घर के बरामदे में खड़ी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP21 ZJ 2313 अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। मोटरसाइकिल की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना ढीमरखेड़ा में अपराध क्रमांक 480/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में सामने आया आरोपी का नाम
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही सनत यादव पिता दलवीर यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी करौदा थाना उमरिया से पूछताछ की। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसका रिश्ते में बहनोई रस्ते सिंह पिता फागू सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम महगंवा, एक काले-नीले रंग की डीलक्स मोटरसाइकिल लेकर आया था और उसने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात बताई थी। इसके बाद सनत यादव ने मोटरसाइकिल अपने घर में रख ली थी।
पुलिस ने सनत यादव के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार चोरी का मुख्य आरोपी रस्ते सिंह घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश देकर पतासाजी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी सनत यादव को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा निरीक्षक महिमा रघुवंशी, सहायक उप निरीक्षक जयपाल सिंह, आरक्षक रंजीत सिंह एवं आरक्षक देवेन्द्र अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




