जनसुनवाई में 144 आवेदकों की सुनी समस्याएं, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निराकरण के निर्देश
मुआवजा, आवास, सड़क, भूमि, पेंशन और शासन की योजनाओं से जुड़े आवेदन लेकर पहुंचे नागरिक

कलेक्टर बोले, समस्या लेकर आए नागरिक को समाधान लेकर लौटना चाहिए,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 144 आवेदकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें कलेक्टर आशीष तिवारी के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की समस्या गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का तथ्यपरक परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मुआवजा, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि नामांतरण, सड़क निर्माण, पेंशन, आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से आवेदनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और वास्तविक समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें
कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन केवल दर्ज करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष और तथ्यात्मक परीक्षण करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि नागरिकों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि “समस्या लेकर आए नागरिक को समाधान लेकर लौटना चाहिए।” अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
मुआवजा, आवास और सड़क सहित कई समस्याएं पहुंचीं
जनसुनवाई में ग्राम खरखरी निवासी रामकिशोर पटेल ने नलकूप की मुआवजा राशि दिलाने की मांग रखी। ग्राम उरदानी निवासी सेवानिवृत्त कोटवार नत्थू लाल दहायत ने सहायता राशि, ग्राम जरवाही निवासी शकुन बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम जोड़ने तथा बरही निवासी दुलारे बर्मन ने भूमि नामांतरण के संबंध में आवेदन दिया।
इसी तरह ग्राम सिमरिया निवासी सरस्वती बाई ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। ग्राम छितवारा के ग्रामीणों ने बिछुआ से छितवारा तक सड़क निर्माण की मांग रखी। ग्राम टिकरवारा निवासी रानी सिंह ने लाड़ली बहना योजना की राशि नहीं मिलने, ग्राम धवैया निवासी दशरथ चौधरी ने आबादी भूमि से कब्जा हटाने तथा ग्राम पंचायत तिगवा निवासी रामसेन लोधी ने दिव्यांगता आर्थिक सहायता का लाभ दिलाने की मांग की।
इसके अलावा भी बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याएं कलेक्टर के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आवेदन भेजते हुए नियमानुसार कार्रवाई और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता केवल शिकायतों का निराकरण करना नहीं, बल्कि पात्र नागरिकों को वास्तविक राहत उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को तकनीकी या प्रक्रियागत कारणों से अनावश्यक परेशानी न हो और उन्हें समय पर योजनाओं का लाभ मिले।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए नागरिकों की वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाया जा सकता है। इसलिए सभी अधिकारी जनसुनवाई के प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।




