Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

निगम स्कूलों में तिरंगे के रंग में रंगा देशभक्ति का माहौल, विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश

रंगोली, वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के जरिए विद्यार्थियों ने दिखाई राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना

कटनी।।स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर नगर पालिक निगम कटनी द्वारा संचालित विद्यालयों में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत विभिन्न देशभक्ति एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रंगोली, सामूहिक वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया।
निगम के सीएस स्कूल में छात्राओं ने तिरंगे के रंगों पर आधारित आकर्षक रंगोलियां तैयार कीं। केसरिया, सफेद और हरे रंगों से सजी रंगोलियों में राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुति ने विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।
वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से गूंजा विद्यालय परिसर
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का गायन किया। राष्ट्रगान के दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का परिचय दिया। देशभक्ति गीतों और तिरंगे के रंगों से जुड़ी गतिविधियों ने विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया।
तिरंगे के सम्मान और नागरिक कर्तव्यों का दिया संदेश
नगर निगम द्वारा आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और उसके सम्मान के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा। विद्यार्थियों को यह संदेश भी दिया गया कि राष्ट्रप्रेम केवल राष्ट्रीय पर्वों तक सीमित नहीं है, बल्कि दैनिक जीवन में अपने नागरिक कर्तव्यों का जिम्मेदारी से निर्वहन करना भी देशभक्ति का हिस्सा है।
निगमायुक्त ने अधिकाधिक सहभागिता के दिए निर्देश
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने अभियान से जुड़े अधिकारियों एवं निगम विद्यालयों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक विद्यार्थियों और उनके परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया।
निगम विद्यालयों में आयोजित इन गतिविधियों से विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ-साथ ‘देश पहले’, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना मजबूत हो रही है। अभियान के तहत आगामी दिनों में भी निगम विद्यालयों में विभिन्न देशभक्ति एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!