टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

एसआईआर में छूटे पात्र मतदाताओं को नाम जुड़वाने का मिलेगा मौका

7 से 9 अक्टूबर तक मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर, बीएलओ घर-घर पहुंचकर जुटाएंगे दस्तावेज

7 से 9 अक्टूबर तक मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर, बीएलओ घर-घर पहुंचकर जुटाएंगे दस्तावेज,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के दौरान किसी कारणवश मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से रह गए पात्र नागरिकों को अब अपना नाम जुड़वाने का अवसर मिलेगा। ऐसे मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने के लिए बीएलओ द्वारा घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। साथ ही जिले के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर 7, 8 और 9 अक्टूबर को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस संबंध में मंगलवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से निर्वाचन अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद चतुर्वेदी उपस्थित रहे।
एसआईआर के दौरान अनमैप्ड अथवा तार्किक विसंगतियों के कारण नोटिस जारी होने और समय पर दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाने से जिन पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, वे बीएलओ के संपर्क अभियान के दौरान आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर नाम दर्ज करा सकेंगे। नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 के साथ किसी घोषणा पत्र की आवश्यकता नहीं होगी।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी कर सकेंगे आवेदन
1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा अपने नजदीकी मतदान केंद्र के बीएलओ से संपर्क कर फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। वहीं 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से एडवांस में फार्म-6 भरवाए जाएंगे।
रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों तथा बेघर एवं वंचित वर्ग के पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यकता अनुसार विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
ईसीआईनेट एप से ऑनलाइन भी भर सकेंगे फार्म-6
पात्र नागरिक अपने मोबाइल पर ईसीआईनेट (ECINET) एप के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज है या नहीं, इसकी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे एप के माध्यम से ऑनलाइन फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकेंगे।
निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों और नए मतदाताओं से अपील की है कि वे बीएलओ के घर-घर संपर्क अभियान अथवा 7 से 9 अक्टूबर तक आयोजित विशेष शिविरों में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!