टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

नवरात्रि से दीपावली तक पर्वों पर रहेगी कड़ी निगरानी, शांति और सौहार्द से मनेंगे त्योहार

जिला शांति समिति की बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने दिए आवश्यक निर्देश, जुलूस मार्गों पर CCTV और बेहतर यातायात व्यवस्था पर जोर

जिला शांति समिति की बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने दिए आवश्यक निर्देश, जुलूस मार्गों पर CCTV और बेहतर यातायात व्यवस्था पर जोर,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। जिले में नवरात्रि, जवारा विसर्जन, दशहरा, दीपावली, गोवर्धन पूजा और गुरुनानक जयंती सहित आगामी पर्व एवं त्योहारों को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने को लेकर जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में पुलिस कंट्रोल रूम में हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और शांति समिति के सदस्यों ने विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
बैठक में कलेक्टर ने नगर निगम को शहर की प्रमुख सड़कों की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कराने के साथ प्रतिमा विसर्जन मार्गों पर पेयजल और अस्थाई शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिमाएं निर्धारित क्रम और तय मार्ग से ही निकाली जाएंगी। विसर्जन मार्गों पर लटकते, झूलते और कम ऊंचाई वाले बिजली के तारों को समय रहते व्यवस्थित करने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस वर्ष 19 अक्टूबर को जवारा विसर्जन तथा 20 अक्टूबर को महाआरती के बाद दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। कलेक्टर ने दुर्गा समितियों, समाजसेवियों और आयोजनकर्ताओं से जिला प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की।
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि दुर्गा समितियां प्रतिमा स्थापना से पहले पंडाल के लिए अस्थाई विद्युत कनेक्शन प्राप्त कर लें। साथ ही सभी अनुविभाग और थाना स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दुर्गा समितियों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि त्योहारों के दौरान बेहतर यातायात व्यवस्था के साथ जुलूस मार्गों और विसर्जन स्थलों पर CCTV कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने समितियों से युवाओं को संयम और अनुशासन के साथ त्योहार मनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
मिट्टी से निर्मित इको फ्रेंडली दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना को बढ़ावा दिया जाएगा।
प्रतिमा विसर्जन और पंडालों में डीजे प्रतिबंधित रहेगा।
ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के लिए संबंधित एसडीएम, एसडीओपी, सीएसपी अथवा थाना स्तर से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
आजाद चौक से झंडा बाजार तक जुलूस मार्ग में तीन और चार पहिया वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव रखा गया।
विसर्जन मार्गों पर बिजली के तार, पेयजल, प्रकाश, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, निगमायुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम जितेंद्र पटेल, एसडीएम विजयराघवगढ़ प्रमोद चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!