बारिश के बीच गणपति बप्पा को भावभीनी विदाई, देर रात तक जारी रहा विसर्जन

बारिश के बीच गणपति बप्पा को भावभीनी विदाई, देर रात तक जारी रहा विसर्जन,
राजेश कुमार तिवारी
कटनी, 25 सितंबर। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर कटनी में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। लगातार हो रही बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को कम नहीं कर सकी। श्रद्धालु गणपति प्रतिमाओं को लेकर कृत्रिम विसर्जन कुंडों तक पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद बप्पा को भावभीनी विदाई दी।
विसर्जन स्थलों पर जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, पुलिस बल, होमगार्ड और गोताखोरों की तैनाती की गई। वहीं, नगर निगम की टीमों द्वारा भी आवश्यक व्यवस्थाएं संभाली गईं।
बारिश के बीच विसर्जन स्थलों पर गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया। प्रशासन की निगरानी में विसर्जन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न होती रही।




