अमीरगंज गौशाला में मवेशियों की मौत पर निगम ने दी सफाई, गंभीर बीमार पशुओं की मौत का बताया मामला
Katni

अमीरगंज गौशाला में मवेशियों की मौत पर निगम ने दी सफाई, गंभीर बीमार पशुओं की मौत का बताया मामला,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। अमीरगंज स्थित नगर निगम की गौशाला में मवेशियों की मौत और अव्यवस्थाओं को लेकर प्रकाशित खबर के बाद नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने प्रतिवेदन के माध्यम से निगम का पक्ष स्पष्ट किया है। उन्होंने बताया कि खबर में दिखाई गई मृत मवेशी गौशाला में नियमित रूप से रखे जाने वाले पशु नहीं थे, बल्कि शहर के विभिन्न मार्गों से कैचिंग स्क्वाड द्वारा रेस्क्यू किए गए गंभीर रूप से बीमार और निराश्रित मवेशी थे।
स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार, रेस्क्यू किए गए पशुओं का पशु चिकित्सक द्वारा उपचार किया गया, लेकिन गंभीर बीमारी के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मृत पशुओं का इन्सिनरेशन कर निस्तारण किया गया। उन्होंने बताया कि संबंधित वीडियो उस समय बनाया गया, जब मृत पशुओं के निस्तारण के लिए टीम गौशाला पहुंच रही थी।
गौशाला में चारा-पानी और उपचार की व्यवस्था का दावा
निगम प्रशासन ने बताया कि गौशाला में वर्तमान में मवेशियों के लिए पर्याप्त चारा, भूसा और पेयजल उपलब्ध है। पशुओं की नियमित देखभाल के साथ समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाता है। व्यवस्थाओं के संचालन के लिए चार कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इनमें तीन कर्मचारी अलग-अलग शिफ्ट में कार्य करते हैं, जबकि एक सुपरवाइजर और हांका गैंग प्रभारी की भी व्यवस्था है।
निगम के मुताबिक गौशाला में शेड निर्माण का कार्य भी जारी है, जिससे पशुओं के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
बारिश के कारण जमा हुआ था कीचड़, तीन शिफ्ट में सफाई का दावा
स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिस दिन की तस्वीरें और वीडियो सामने आए, उस दिन बारिश के कारण गौशाला परिसर में कीचड़ जमा हो गया था। निगम प्रशासन के अनुसार परिसर की नियमित रूप से तीनों शिफ्ट में सफाई कराई जाती है।
निगम प्रशासन ने गौशाला में लापरवाही के आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि पशुओं की देखभाल, उपचार, चारा-पानी, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का लगातार संचालन किया जा रहा है।




