जन समस्याओं को लेकर युवक कांग्रेस का नगर निगम घेराव, कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
सीवर, सड़क, पानी, सफाई और पार्किंग समेत कई मुद्दों को लेकर जताया आक्रोश

सीवर, सड़क, पानी, सफाई और पार्किंग समेत कई मुद्दों को लेकर जताया आक्रोश,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। शहर में व्याप्त जन समस्याओं को लेकर सोमवार को युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गणेश चौक पर एकत्रित हुए और दिलबहार चौक एवं सुभाष चौक होते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न जन समस्याओं के निराकरण की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया, प्रदेश सचिव अंशु मिश्रा, युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सौम्या संधेलिया और जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने किया।
युवक कांग्रेस ने शहर में सीवर लाइन, पार्किंग व्यवस्था, कथित कमीशनखोरी, जर्जर सड़कों, बिजली, सफाई और पेयजल से जुड़ी समस्याओं को लेकर निगम प्रशासन के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन को देखते हुए नगर निगम कार्यालय परिसर और मुख्य द्वारों पर पुलिस बल तैनात किया गया था तथा सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग की गई।
प्रदर्शन के दौरान अमीरगंज स्थित नगर निगम की गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने गौशाला में मवेशियों के भोजन, पानी, उपचार और साफ-सफाई की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त किए जाने की मांग की। नेताओं ने आरोप लगाया कि गौशाला की व्यवस्थाएं बदहाल हैं और पशुओं को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निगम प्रशासन से शहर की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने तथा गौशाला में व्यवस्थाओं में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान नगर निगम कार्यालय के बाहर काफी देर तक माहौल गरमाया रहा और पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहा।




