निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, समयसीमा में पूरा कर जारी करें प्रमाण पत्र – जिला पंचायत सीईओ
संबल योजना के पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश, ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा

संबल योजना के पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश, ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 13 अक्टूबर। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों के पूर्णता प्रमाण पत्र (सीसी) प्राथमिकता के आधार पर जारी किए जाएं, ताकि विकास कार्यों की प्रगति और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जा सके।
समीक्षा बैठक में सुश्री कौर ने मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के प्रकरणों को संवेदनशीलता के साथ निराकृत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और तकनीकी अधिकारियों को नियमित रूप से ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर विकास कार्यों की निगरानी करने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
अपूर्ण निर्माण कार्यों और योजनाओं की समीक्षा
बैठक के दौरान अपूर्ण निर्माण कार्यों की जनपदवार समीक्षा की गई। इसके साथ ही नल-जल योजनाओं के हस्तांतरण, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत मध्यान्ह भोजन व्यवस्था तथा अन्य विभागीय गतिविधियों की प्रगति की जानकारी ली गई।
शालाओं के निरीक्षण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिला पंचायत सीईओ ने जनपद पंचायत कटनी के विकासखंड स्त्रोत समन्वयक के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने निरीक्षण कार्य में तेजी लाने और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्रमिक नियोजन बढ़ाने और शिकायतों के निराकरण पर जोर
बीबीजी राम जी योजना के अंतर्गत श्रमिक नियोजन बढ़ाने के लिए नए कार्य प्रारंभ करने तथा कार्यों की स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण, ग्राम पंचायतों के स्वयं के राजस्व स्रोतों में वृद्धि, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
सुश्री कौर ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ विकास कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी, उपायुक्त विकास के.के. पांडेय, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




