ईद मीलादुन्नबी जुलूस के बाद निगम का विशेष सफाई अभियान
जुलूस मार्गों और आयोजन स्थलों पर तत्काल पहुंचा स्वच्छता अमला, कचरा हटाकर व्यवस्था की बहाल

जुलूस मार्गों और आयोजन स्थलों पर तत्काल पहुंचा स्वच्छता अमला, कचरा हटाकर व्यवस्था की बहाल,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। ईद मीलादुन्नबी पर्व के अवसर पर शहर में निकाले गए जुलूस के समापन के बाद नगर पालिक निगम कटनी ने विशेष सफाई अभियान चलाकर जुलूस मार्गों और आयोजन स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त किया। निगम के स्वच्छता अमले ने जुलूस समाप्त होते ही विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सड़कों और प्रमुख चौक-चौराहों पर बिखरे कचरे एवं अपशिष्ट को हटाया।
स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों की टीमों ने जुलूस मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया। कर्मचारियों ने तत्काल कचरा एकत्रित कर वाहनों के माध्यम से उसका परिवहन कराया और संकलित कचरे को नियमानुसार प्लांट भेजा गया। निगम की त्वरित कार्रवाई से जुलूस के बाद मार्गों की स्वच्छता व्यवस्था जल्द ही सामान्य कर दी गई, जिससे नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
पर्व से पहले ही तैनात किया गया था निगम अमला
ईद मीलादुन्नबी पर्व को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने जुलूस से पहले ही सफाई, कचरा संग्रहण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली थीं। जुलूस मार्गों पर पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों, वाहनों और आवश्यक संसाधनों की तैनाती की गई थी। साथ ही विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपकर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की गई।
निगम प्रशासन ने जुलूस के दौरान और उसके बाद स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए सफाई अमले को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी के तहत जुलूस समाप्त होते ही सफाई कार्य शुरू कर दिया गया।
सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में क्षेत्रीय वार्ड दरोगा आरिफ खान, अतुल गुप्ता और धीरज निषाद सहित सफाई अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से सार्वजनिक आयोजनों के दौरान स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की है।




