
आहूजा टाल में भीषण आग, आग पर काबू पाने चारों जोन की दमकल टीमें जुटीं,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। माधवनगर इमलिया रोड स्थित पेट्रोल पंप के पीछे आहूजा टाल में गुरुवार सुबह आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही नगर निगम का अग्निशमन अमला तत्काल हरकत में आया। सुबह 6:10 बजे माधवनगर जोन से दमकल वाहन मौके के लिए रवाना किया गया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
आग की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम के चारों जोन के दमकल वाहनों को घटनास्थल पर तैनात किया गया है। दमकल कर्मियों द्वारा लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र कुमार दुबे के अनुसार, आग बुझाने के लिए दमकल वाहनों द्वारा अब तक करीब 20 फेरे लगाकर पानी पहुंचाया जा चुका है। फायर अमला पूरी मुस्तैदी के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उपायुक्त शैलेश गुप्ता, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक एवं सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र कुमार दुबे सहित अन्य अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहकर दमकल कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
नगर निगम का अग्निशमन अमला आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।




