बरही अग्निकांड के विरोध में कांग्रेस पार्षदों का सामूहिक इस्तीफा, कलेक्टर को सौंपा त्यागपत्र
छह लोगों की मौत के बाद नगर परिषद की व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

छह लोगों की मौत के बाद नगर परिषद की व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। बरही में दीपावली की रात अग्रवाल परिवार के साथ हुए भीषण अग्निकांड के बाद अब स्थानीय स्तर पर विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत से आहत नगर परिषद बरही के कांग्रेस पार्षदों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं और नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सामूहिक रूप से अपने पदों से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
इसी क्रम में 11 नवंबर 2026 को कांग्रेस पार्षदों ने कलेक्टर के नाम पत्र सौंपकर सामूहिक त्यागपत्र प्रस्तुत किया। साथ ही अग्निकांड की निष्पक्ष जांच कराने और घटना में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की।
पार्षदों ने अपने पत्र में कहा कि 8 नवंबर की दीपावली की रात बरही में हुई इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के छह लोगों की असामयिक मौत से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस घटना ने नगर परिषद की आपातकालीन व्यवस्थाओं और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
कांग्रेस पार्षदों का कहना है कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए और नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए उन्होंने सामूहिक त्यागपत्र देने का फैसला किया है। उनका मानना है कि इतनी बड़ी त्रासदी के बाद जिम्मेदारी तय करना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
इन पार्षदों ने सौंपा सामूहिक त्यागपत्र
सामूहिक त्यागपत्र देने वालों में श्रीमती प्रज्ञा अजय वर्मा (सरदार वल्लभभाई वार्ड क्रमांक 01), श्रीमती शिवकुमारी राजेश वंशकार (चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्रमांक 04), श्रीमती नैंसी अमित गुप्ता (वार्ड क्रमांक 05), श्रीमती अंजू कोल (महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 09), गोवर्धन बढ़ई (मौलाना आजाद वार्ड क्रमांक 10) एवं श्रीमती पूजा राधेश्याम ताम्रकार (वार्ड क्रमांक 11) शामिल हैं।
निष्पक्ष जांच के साथ जवाबदेही तय करने की मांग
पार्षदों ने कलेक्टर से मांग की है कि बरही अग्निकांड की सभी पहलुओं से निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच में जिन भी अधिकारियों या कर्मचारियों की लापरवाही सामने आए, उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित अग्रवाल परिवार को न्याय दिलाने और नगर की आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
बरही अग्निकांड के बाद कांग्रेस पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे के फैसले ने स्थानीय राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। अब सबकी निगाहें प्रशासन की जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। हालांकि, घटना में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।




