मोहन घाट पर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ जवारा विसर्जन जारी, निगम ने किए सुरक्षा और स्वच्छता के इंतजाम
Katni

मोहन घाट पर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ जवारा विसर्जन जारी, निगम ने किए सुरक्षा और स्वच्छता के इंतजाम,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। नवरात्रि पर्व की पूर्णाहुति के बाद शहर के मोहन घाट सहित अन्य निर्धारित घाटों पर जवारा विसर्जन का सिलसिला जारी है। मां के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच श्रद्धालु विधि-विधान से जवारों का विसर्जन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। नौ दिनों तक पूजा-अर्चना के बाद मां को विदाई देते समय घाटों पर श्रद्धा और भावुकता का माहौल देखने को मिल रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निगम की व्यवस्थाएं
जवारा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, विसर्जन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए निगम का अमला भी तैनात है।
नगर निगम का प्रयास है कि जवारा विसर्जन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। साथ ही घाटों की स्वच्छता बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।




