टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

गाटरघाट में दो विसर्जन कुंडों की व्यवस्था, 28 कर्मचारी संभालेंगे जिम्मेदारी

Katni

कटनी। नवरात्रि, जवारा विसर्जन और विजयादशमी पर प्रतिमा विसर्जन को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने गाटरघाट में दो विसर्जन कुंड तैयार कराए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, चल समारोह के निर्बाध संचालन और समयबद्ध विसर्जन को ध्यान में रखते हुए निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अतिरिक्त 28 अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है।

निगमायुक्त ने बताया कि अतिरिक्त विसर्जन कुंड बनने से प्रतिमाओं के विसर्जन में तेजी आएगी। इससे घाट पर भीड़ का बेहतर प्रबंधन होगा और चल समारोह को बिना बाधा आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

तीन पालियों में होगी कर्मचारियों की तैनाती

गाटरघाट में राम मंदिर के सामने कुंड क्रमांक-1 और छैघरा मार्ग की ओर कुंड क्रमांक-2 पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है। ड्यूटी सुबह 7 से दोपहर 2 बजे, दोपहर 2 से रात 9 बजे और रात 9 बजे से विसर्जन समाप्त होने तक तीन पालियों में संचालित होगी। सहायक यंत्री सुनील सिंह को प्रभारी बनाया गया है, जबकि उपयंत्री रवि हनोते और सुनील तिवारी को सहायक प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

व्यवस्थाओं की निगरानी के निर्देश

निगमायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहने, आपसी समन्वय बनाए रखने और विसर्जन व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। कर्मचारियों को मोबाइल फोन चालू रखने तथा विसर्जन स्थल पर मिलने वाली शिकायतों का तत्काल निराकरण करने के लिए भी कहा गया है।

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि दो विसर्जन कुंडों और अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी तथा प्रतिमा विसर्जन और चल समारोह का संचालन अधिक व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा।

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!