60 लाख की लागत से बन रहे बड़वारा बस स्टैंड का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिया जोर
तय समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश, मुख्य मार्ग के गड्ढे भरकर आवागमन सुगम बनाने को कहा

तय समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश, मुख्य मार्ग के गड्ढे भरकर आवागमन सुगम बनाने को कहा,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर आशीष तिवारी ने बड़वारा विकासखंड मुख्यालय में लगभग 60 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन नवीन बस स्टैंड भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, प्रभारी कार्यपालन यंत्री मेघा पवार, तहसीलदार बड़वारा ऋषि गौतम और पर्यावरणविद एवं सचिव मानव जीवन विकास निर्भय सिंह उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिए कि मुख्य सड़क से बस स्टैंड तक पहुंच मार्ग पर मौजूद गड्ढों की भराई कराकर सड़क का समतलीकरण कराया जाए, ताकि यात्रियों और आम नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
निर्माणाधीन बस स्टैंड के मुख्य भवन में तीन दुकानों, यात्रियों के लिए एक बड़े प्रतीक्षालय और दो प्रसाधनों का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, परिसर में 12 अतिरिक्त दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित कार्य का हिस्सा है।
कलेक्टर ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने पर जोर दिया। नवीन बस स्टैंड के तैयार होने से क्षेत्र में यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।




