पुरानी रंजिश में घर पर पथराव और घुसकर मारपीट, छह आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, न्यायालय में पेशी के बाद सभी आरोपियों को भेजा गया जेल

कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, न्यायालय में पेशी के बाद सभी आरोपियों को भेजा गया जेल,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। शहर के बस स्टैंड स्थित हरिजन बस्ती में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार के साथ मारपीट, घर पर पथराव और घर में घुसकर धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को 26 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
घर के बाहर गाली-गलौज के बाद किया पथराव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे हरिजन बस्ती, बस स्टैंड निवासी आशु बर्मन अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान मोहल्ले के पुट्टू उर्फ समीर डुमार सहित पांच अन्य आरोपी पुरानी रंजिश को लेकर उसके घर के बाहर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। फरियादी द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने घर के बाहर पड़े पत्थरों से हमला कर दिया। इस घटना में आशु बर्मन और उसकी भाभी प्रिंसी को चोटें आईं।
घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट और जान से मारने की धमकी
आरोप है कि पथराव के बाद सभी आरोपी गाली-गलौज करते हुए घर के अंदर घुस गए और मारपीट की। इस दौरान फरियादी की भाभी नम्रता के पेट में लात मारने की बात भी सामने आई है। शोर सुनकर मोहल्ले और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
फरियादी की शिकायत पर थाना कोतवाली कटनी में अपराध क्रमांक 1191/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125, 296(बी), 115(2), 333, 351(2) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम ने दबिश देकर सभी छह आरोपियों को पकड़ा
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बस स्टैंड चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपू कुशवाहा को आरोपियों की तलाश कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर मामले में शामिल सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- अविनाश चुहटेल, पिता लेखराज चुहटेल, उम्र 32 वर्ष।
- अंशु चुहटेल उर्फ डोमार, पिता लेखराज चुहटेल, उम्र 28 वर्ष।
- ऋतिक डुमार उर्फ रुस्तम वाल्मीकि, पिता शंकर वाल्मीकि, उम्र 27 वर्ष।
- पट्टू उर्फ समीर डुमार, पिता ओमकार डुमार, उम्र 20 वर्ष।
- शिब्बू उर्फ करन वाल्मीकि, पिता शंकर वाल्मीकि, उम्र 29 वर्ष।
- ओमकार डुमार, पिता फदाली डुमार, उम्र 46 वर्ष।
सभी आरोपी कटनी के हरिजन बस्ती एवं इंदिरा गांधी वार्ड क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के अनुसार, पुरानी रंजिश को लेकर हुई इस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, बस स्टैंड चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपू कुशवाहा, सहायक उपनिरीक्षक दीपेन्द्र शर्मा, प्रधान आरक्षक मनोज पटेल एवं नीरज तिवारी तथा आरक्षक सतेन्द्र पटेल और आशीष पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




