कटनी में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत तीन चरणों में होंगे आगामी सामूहिक विवाह, आवेदन की तारीखें तय
कलेक्टर आशीष तिवारी ने निकायों को दिए निर्देश, निर्धारित समय-सीमा के बाद स्वीकार नहीं होंगे आवेदन

कलेक्टर आशीष तिवारी ने निकायों को दिए निर्देश, निर्धारित समय-सीमा के बाद स्वीकार नहीं होंगे आवेदन,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत कटनी जिले में पात्र हितग्राहियों के विवाह के लिए आगामी महीनों में तीन चरणों में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर आशीष तिवारी ने नगर निगम कटनी, जनपद पंचायतों और संबंधित नगर परिषदों के अधिकारियों को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता परीक्षण और अन्य आवश्यक कार्यवाहियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं।उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण अनुराग मोदी ने बताया कि योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए निकायवार आयोजन की तिथियां निर्धारित की गई हैं। संबंधित अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र आवेदकों के आवेदन समय पर प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
तीन चरणों में होंगे आगामी सामूहिक विवाह आयोजन
जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को देवउठनी ग्यारस के अवसर पर नगर निगम कटनी, जनपद पंचायत बहोरीबंद और नगर परिषद बरही में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे।
इसके बाद 12 दिसंबर 2026 को जनपद पंचायत कटनी एवं ढीमरखेड़ा तथा नगर परिषद कैमोर एवं विजयराघवगढ़ में विवाह कार्यक्रम संपन्न होंगे। वहीं, 11 फरवरी 2027 को बसंत पंचमी के अवसर पर जनपद पंचायत विजयराघवगढ़, रीठी और बड़वारा में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे।
इससे पहले अक्षय तृतीया के अवसर पर जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ और बड़वारा में सामूहिक विवाह आयोजन संपन्न हो चुके हैं।
आवेदन के लिए निर्धारित की गई अंतिम तिथियां
आगामी सामूहिक विवाह आयोजनों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथियां भी निर्धारित कर दी गई हैं। 20 नवंबर को होने वाले आयोजन के लिए 5 नवंबर 2026, 12 दिसंबर के आयोजन के लिए 28 नवंबर 2026 और 11 फरवरी 2027 के आयोजन के लिए 28 जनवरी 2027 अंतिम तिथि तय की गई है।
पात्रता परीक्षण और पोर्टल पर प्रविष्टि के निर्देश
उपसंचालक अनुराग मोदी के अनुसार, संबंधित निकायों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्रता के आधार पर स्वीकृति अथवा अस्वीकृति की कार्रवाई करने, पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां दर्ज करने तथा हितग्राहियों को आमंत्रण पत्र वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में एक ही दिन 200 से अधिक विवाह आयोजित न हों, इसे ध्यान में रखते हुए निकायवार तिथियां निर्धारित की गई हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवेदन की निर्धारित अंतिम तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
ऐसे में मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र हितग्राहियों को सलाह दी गई है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित निकाय में आवेदन जमा करें, ताकि समय रहते उनकी पात्रता का परीक्षण कर योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जा सके।




