कन्या महाविद्यालय के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, पुस्तकालय उन्नयन सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी

कन्या महाविद्यालय के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, पुस्तकालय उन्नयन सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय में बुधवार को जनभागीदारी समिति की सामान्य परिषद की बैठक कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल की मौजूदगी में छात्राओं की सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्थाओं और महाविद्यालय के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए।
बैठक में महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्ववित्तीय व्यवस्था को मजबूत करने और छात्राओं को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। जनभागीदारी समिति की सचिव डॉ. चित्रा प्रभात सहित समिति के सदस्यों और महाविद्यालय के अधिकारियों ने विभिन्न विकास कार्यों और आवश्यकताओं से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
बैठक में स्ववित्तीय एवं जनभागीदारी मद से कार्यरत अतिथि विद्वानों और कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। महाविद्यालय के सुचारु संचालन में उनकी भूमिका को देखते हुए मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को परिषद के समक्ष रखा गया।
पुस्तकालय के लिए 3 लाख रुपये मंजूर
छात्राओं को बेहतर अध्ययन और संदर्भ सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुस्तकालय उन्नयन के लिए 3 लाख रुपये की राशि का अनुमोदन किया गया। इस राशि से नई पुस्तकें, संदर्भ ग्रंथ और आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी करने वाली छात्राओं को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण हेतु प्रशिक्षक की व्यवस्था, कैंटीन के टेंडर की प्रक्रिया, बजट से जुड़े विषयों तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। भूगोल, इतिहास और माइक्रोबायोलॉजी विषयों में स्नातकोत्तर कक्षाओं के संचालन की अनुमति के संबंध में भी चर्चा हुई।
प्रयोगशालाओं के उन्नयन पर भी जोर
विज्ञान विषयों की छात्राओं को बेहतर प्रायोगिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए महाविद्यालय की प्रयोगशालाओं के उन्नयन और आधुनिकीकरण पर भी चर्चा हुई। आवश्यक उपकरणों और आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए बजट प्रस्ताव पर विचार किया गया।
बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी और विधायक संदीप जायसवाल ने महाविद्यालय के विकास तथा छात्राओं के हित से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया। प्राचार्य एवं जनभागीदारी समिति की सचिव डॉ. चित्रा प्रभात ने महाविद्यालय की वर्तमान जरूरतों और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी।
विधायक और कलेक्टर ने भवन का किया निरीक्षण
बैठक के बाद विधायक संदीप जायसवाल और कलेक्टर आशीष तिवारी ने शासकीय कन्या महाविद्यालय भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान बताया गया कि लोक निर्माण विभाग की परियोजना क्रियान्वयन इकाई द्वारा वर्तमान भवन के द्वितीय तल पर 4 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से 8 नए कक्षों का निर्माण किया जाएगा।
निर्माण कार्य के तहत करीब 1500.70 वर्गमीटर बिल्ट-अप क्षेत्र में भवन का विस्तार होगा। नए कक्षों के निर्माण से महाविद्यालय में कक्षाओं के संचालन के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा और छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।




