सायना महाविद्यालय में शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विद्यार्थियों ने जताया गुरुजनों के प्रति आभार, मनोरंजक गतिविधियों में लिया हिस्सा

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विद्यार्थियों ने जताया गुरुजनों के प्रति आभार, मनोरंजक गतिविधियों में लिया हिस्सा,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। सायना इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, कटनी में शिक्षक दिवस के अवसर पर गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों में सहभागिता की। विद्यार्थियों ने शिक्षक-शिष्य संबंधों के महत्व पर विचार व्यक्त करते हुए शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं योगदान के लिए आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान सभी शिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सी. राजेश कुमार ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थी के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला मार्गदर्शक होता है। उन्होंने कहा कि एक अच्छे शिक्षक का प्रभाव विद्यार्थी के पूरे जीवन पर दिखाई देता है।
शरद यादव ने कहा कि बदलते दौर में शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से परिवर्तन हो रहे हैं। ऐसे में शिक्षकों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। शिक्षकों को विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के साथ आधुनिक तकनीक एवं शिक्षण पद्धतियों को मानवीय मूल्यों से जोड़ना चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही मनोरंजक खेल एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन एमबीए की छात्रा तृतिका जुगल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन बीबीए की छात्रा नंदिनी जोतवानी ने किया। कार्यक्रम की तैयारियों एवं साज-सज्जा में योगदान देने वाले बीबीए होटल मैनेजमेंट के छात्र अमन खटीक, पूजा गंगवानी, माधुरी गर्ग एवं उनकी टीम को सम्मानित कर शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर डॉ. सी. ए. लियोनी, प्रो. आर. अबिरामी, डॉ. सार्थक चौरसिया, अरुण उरमलिया, हीरालाल केवट, शोभित त्रिपाठी, सत्यवीर सिंह, मेघना ओटवानी, दोलन रॉय, संगीता मिश्रा, नेहा सिंह, जाकिया परवीन, प्रशांत सोनी, अनामिका नायक, माला रोहरा, सौरभ सेन सहित महाविद्यालय के शिक्षक, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




