सरदार पटेल की जयंती पर कटनी में गूंजा एकता का संदेश, पुलिस ने आयोजित की ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन
5 किलोमीटर की दौड़ में पुलिस जवानों, खिलाड़ियों और स्कूली विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, विभिन्न वर्गों के विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

राष्ट्रीय एकता दिवस पर दिलाई गई देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने की शपथ,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कटनी पुलिस और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘रन फॉर यूनिटी’ मैराथन का आयोजन किया गया। पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू हुई 5 किलोमीटर की इस दौड़ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।
मैराथन को पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ पुलिस कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर माधवनगर गेट और विश्राम बाबा मार्ग से होते हुए पुनः पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर संपन्न हुई। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, पुलिस जवानों, खिलाड़ियों, युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पांच वर्गों में प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम
मैराथन में अलग-अलग वर्गों के प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा हुई। खेल विभाग वर्ग में दिलराज ने प्रथम, विकास साहू ने द्वितीय और धर्मेंद्र कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्कूल बालक वर्ग में साहिल चक्रवर्ती प्रथम, सत्यम प्रजापति द्वितीय और गौरव वर्मा तृतीय स्थान पर रहे। वहीं स्कूल बालिका वर्ग में स्वप्निल पाल ने प्रथम, रश्मि सिंह ने द्वितीय और चंद चौधरी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
पुलिस विभाग पुरुष वर्ग में राहुल कोल प्रथम, रितेश कोल द्वितीय और अनुराग गर्ग तृतीय स्थान पर रहे। पुलिस विभाग महिला वर्ग में साक्षी लोधी ने प्रथम, जयंती के ने द्वितीय और अर्चना सिंह जादौन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी वर्गों के विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देश की आंतरिक सुरक्षा तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। आयोजन का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करने के साथ नागरिकों में देशप्रेम, आपसी भाईचारे और एकजुटता की भावना को मजबूत करना रहा। इसके साथ ही युवाओं को खेल गतिविधियों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया गया।
पुलिस एवं खेल विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेष द्विवेदी, रक्षित निरीक्षक सपना त्रिपाठी, कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया, यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह, माधवनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र यादव, एनकेजे थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत सहित खेल विभाग के वीरेंद्र पांडे, दिनेश कनौजिया, देवी प्रसाद मरावी, श्रद्धा पांडे, चेतना झा, उमा चडार एवं रेखा सहित पुलिस और खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




