मिशन फिट कटनी को बढ़ावा देने 9 से 11 अक्टूबर तक विशेष प्रतियोगिता
खिलाड़ियों के सम्मान के साथ युवाओं और 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को फिटनेस से जोड़ने की पहल

खिलाड़ियों के सम्मान के साथ युवाओं और 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को फिटनेस से जोड़ने की पहल,
राजेश कुमार तिवारी
कटनी। खेल, स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वॉरज़ोन एवं वर्सटाइल ट्रांसफर्मेशन द्वारा 9 से 11 अक्टूबर तक विशेष प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में कटनी सहित आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ समाज में फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। खासतौर पर युवाओं के साथ 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को भी फिटनेस गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
वॉरज़ोन एवं वर्सटाइल ट्रांसफर्मेशन के फाउंडर अनुराग तीर्थानी ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए नियमित खेल और फिटनेस गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। फिटनेस किसी एक आयु वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि हर उम्र के लोगों के लिए आवश्यक है। इसी उद्देश्य से “मिशन फिट कटनी” जैसे अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
नितेश कुमार ने बताया कि आयोजन के माध्यम से खिलाड़ियों और फिटनेस प्रेमियों को प्रोत्साहित करने के साथ आम नागरिकों को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कटनी एवं आसपास के जिलों के खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों और नागरिकों से प्रतियोगिता में सहभागिता की अपील की है।




