45 वार्डों में चला एक साथ स्वच्छता अभियान, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने किया श्रमदान
Katni

45 वार्डों में चला एक साथ स्वच्छता अभियान, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने किया श्रमदान,
राजेश कुमार तिवारी
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत शहर के 45 वार्डों में एक साथ श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। नदी घाटों, तालाबों, धार्मिक स्थलों, सामुदायिक परिसरों और सार्वजनिक स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, वार्डवासियों तथा निगम की स्वच्छता टीमों ने सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
मोहन घाट स्थित कटनी नदी तट पर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने श्रमदान कर घाट की सफाई की। वहीं वार्ड क्रमांक 14 के माई नदी क्षेत्र में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। वार्ड क्रमांक 1 के ट्रांसपोर्ट नगर तालाब, वार्ड 20 के नदी घाट और वार्ड 34 के छपरवाह गार्डन के पीछे स्थित घाट क्षेत्र में भी सफाई की गई।
इसके अलावा वार्ड 33 के रंगनाथ मंदिर परिसर, वार्ड 15 के सामुदायिक भवन एवं रविदास मंदिर सहित अन्य सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर भी श्रमदान किया गया। अभियान के दौरान नागरिकों को गीले और सूखे कचरे को अलग रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया।
नगर निगम की टीमों ने बताया कि स्वच्छ शहर के लिए नागरिकों की सहभागिता जरूरी है। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संदेश दिया गया।




