
वृद्धजनों के सम्मान में कार्यक्रम, बच्चों ने सुने जीवन के अनुभव,
कटनी। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर झिंझरी स्थित बच्चन नायक वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर आशीष तिवारी एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में शालेय विद्यार्थियों, वृद्धाश्रम स्टाफ तथा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और अपनत्व की भावना को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने वृद्धाश्रम का भ्रमण कर वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद किया और उनके जीवन के अनुभव, संघर्ष तथा सीख को जाना।
वृद्धजनों का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। बच्चों ने उनके साथ समय बिताया और जीवन से जुड़ी प्रेरक बातें सुनीं। कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को वरिष्ठजनों के अनुभव और संस्कारों से जोड़ने तथा पीढ़ियों के बीच संवाद और आपसी जुड़ाव मजबूत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा अधिकारी धीरेंद्र सिंह, श्रीमती प्रीति सिंह, एनजीओ प्रतिनिधि राजीव रैकवार सहित विभागीय कर्मचारी, वृद्धाश्रम स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।




