खेतों से मोटर पंप चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चार सबमर्सिबल पंप बरामद
katni

कटनी। बड़वारा थाना पुलिस ने खेतों से सबमर्सिबल मोटर पंप चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए चार सबमर्सिबल मोटर पंप भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर की रात ग्राम कांटी क्षेत्र में खेतों से सबमर्सिबल मोटर पंप चोरी होने की शिकायतें बड़वारा थाने में दर्ज हुई थीं। मामले में अपराध क्रमांक 573/2026 और 576/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राजेन्द्र उर्फ मंजल राठौर (36) और करन सिंह ठाकुर (32), दोनों निवासी कांटी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के चार सबमर्सिबल मोटर पंप बरामद किए। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सुयश पाण्डेय सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24




