नल-जल योजनाओं में लापरवाही पर ठेकेदारों पर कसेगा शिकंजा
कलेक्टर आशीष तिवारी ने दिए ब्लैकलिस्ट करने और दिसंबर तक योजनाएं पूरी करने के निर्देश

कलेक्टर आशीष तिवारी ने दिए ब्लैकलिस्ट करने और दिसंबर तक योजनाएं पूरी करने के निर्देश,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नल से जल पहुंचाने की योजनाओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में स्पष्ट किया कि नल-जल योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही या अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जल जीवन मिशन और मध्यप्रदेश जल निगम के तहत संचालित एवं निर्माणाधीन जल प्रदाय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कार्य में रुचि नहीं लेने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।
523 योजनाएं पूरी, 423 पंचायतों को हस्तांतरित
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि जल जीवन मिशन के तहत जिले में अब तक 523 जल प्रदाय योजनाओं का कार्य पूरा किया जा चुका है। इनमें से 400 योजनाएं हर घर जल सर्टिफाइड और 523 योजनाएं हर घर जल रिपोर्टेड घोषित की गई हैं। वहीं 423 योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं।
ग्राम सभा में होगा योजनाओं का हस्तांतरण
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुकी नल-जल योजनाओं का ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण ग्राम सभा आयोजित कर किया जाए। इससे ग्रामीणों को योजना की जानकारी मिलने के साथ ही उसके संचालन और संधारण में ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित हो सकेगी।
नेटलिंक सॉफ्टवेयर कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
योजनाओं की समीक्षा के दौरान बहोरीबंद विकासखंड की बचैया, भगनवारा और तेवरी ग्राम पंचायतों में कार्य में कोताही सामने आने पर कलेक्टर ने भोपाल की मेसर्स नेटलिंक सॉफ्टवेयर कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी प्रगतिरत योजनाओं की नियमित निगरानी और समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के तहत सभी लंबित योजनाएं दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरी कर ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जाएं।




